मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के घरेलू बाजारों तक महसूस किया जाने लगा है। एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता की खबरों के बीच लोगों में चिंता बढ़ी है और कई जगहों पर वैकल्पिक कुकिंग विकल्पों की मांग तेजी से बढ़ने लगी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के हमलों के जवाब में ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है। इसके बंद होने से एलपीजी की संभावित कमी को लेकर आशंका बढ़ गई है, जिसका असर बाजार के रुझान में साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली-NCR के बाजारों में लोग गैस सिलेंडर पर निर्भरता कम करने के लिए बिजली से चलने वाले इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं। पिछले दो दिनों में ही दिल्ली में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से करीब 20 हजार इंडक्शन कुकटॉप बिक चुके हैं।
कई ग्राहकों का कहना है कि वे एहतियात के तौर पर इंडक्शन खरीद रहे हैं ताकि गैस की कमी होने पर खाना बनाने का विकल्प मौजूद रहे और सिलेंडर का उपयोग लंबे समय तक किया जा सके। बाजार में फिलहाल इंडक्शन कुकटॉप का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी कीमत करीब 2,000 से 5,000 रुपये के बीच है।
इंडक्शन के अलावा इलेक्ट्रिक केतली और माइक्रोवेव ओवन की मांग में भी तेजी देखी जा रही है। छोटे-मोटे काम जैसे चाय बनाना या पानी गर्म करने के लिए लोग इलेक्ट्रिक केतली को प्राथमिकता दे रहे हैं। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में 2,000 से ज्यादा माइक्रोवेव और केतली की बिक्री दर्ज की गई है। बढ़ती अनिश्चितता के बीच कई परिवार अब यह सोचने लगे हैं कि रोजमर्रा की रसोई के लिए एलपीजी के अलावा इंडक्शन कुकिंग जैसे विकल्प कितने किफायती और सुविधाजनक साबित हो सकते हैं।