मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर हरियाणा सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने बुधवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में एलपीजी की उपलब्धता की समीक्षा की।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंद्रू, पुलिस महानिदेशक अंशज सिंह और तेल कंपनियों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि Ministry of Petroleum and Natural Gas ने 9 मार्च को निर्देश जारी कर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त और समान आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।
तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार देश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। हालांकि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई में अस्थायी बाधा आई है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में स्कूलों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्य क्षेत्रों में भी जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल करने के लिए तेल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं।
राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। साथ ही गैस सिलेंडरों की चोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या जमाखोरी से बचें। सरकार का कहना है कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु और निर्बाध बनी हुई है।