जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया गया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात को उरी सेक्टर के बुखार (बुचार) इलाके में शुरू हुई। जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर सेना ने तुरंत संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास झाड़ियों में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। घेराबंदी के दौरान आतंकी ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सेना और पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया। मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद समेत युद्ध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है।
सेना के प्रवक्ता के मुताबिक यह घुसपैठ की कोशिश नियंत्रण रेखा के पास से की गई थी। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कोई अन्य आतंकी छिपा न हो। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की यह दूसरी कोशिश नाकाम की गई है। इससे पहले 10 मार्च को नौशेरा सेक्टर में भी घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकी को सेना ने मार गिराया था।