नई दिल्ली: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक गोदाम-कम-फैक्टरी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें पास की रिहायशी इमारत तक पहुंच गईं, जिसके बाद दहशत में कुछ लोगों ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग
पुलिस के मुताबिक, आग जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर लगी थी। आग लगने के समय फैक्टरी परिसर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, आग के फैलने से बगल की रिहायशी इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घबराहट में महिलाओं और बच्चों समेत 6 लोग इमारत से कूद गए, जिससे वे घायल हो गए।
गोदाम में रखा था प्लास्टिक का सामान
फायर विभाग के अनुसार, आग एक गोदाम में लगी थी, जहां वैक्सीन और खाट बुनाई में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी। गोदाम से सटी रिहायशी इमारत तक आग की लपटें पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
11:05 बजे मिली आग की सूचना
दिल्ली फायर सर्विस को रविवार सुबह करीब 11 बजकर 5 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर कर्मियों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक, आग अब पूरी तरह बुझा दी गई है। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का पता लगाया जा रहा है। घायल लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।