मुंबई। मशहूर रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर उनके नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, वहीं अब लॉरेंस गैंग की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।
पानीपत फायरिंग के बाद सामने आया नोट
हरियाणा के पपनीपट में शनिवार को असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन के एक दफ्तर पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना की जिम्मेदारी रंदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) नाम के लोगों ने ली है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर जारी पोस्ट में गैंग ने दावा किया कि यह हमला हवाला कारोबारियों के खिलाफ ‘ट्रेलर’ है। हालांकि पोस्ट के अंत में रैपर बादशाह को लेकर लिखी गई धमकी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।
‘संस्कृति खराब की तो अंजाम बुरा होगा’
जारी संदेश में गैंग ने सीधे बादशाह को निशाना बनाते हुए लिखा कि उन्होंने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि 2024 में उनके एक क्लब में ‘ट्रेलर’ दिखाया गया था और अगली बार सीधे गोली मारने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि यह धमकी उनके नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ी हुई है। गैंग का आरोप है कि इस गाने के जरिए हरियाणा की संस्कृति और छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
महिला आयोग का सख्त रुख
इस विवाद के बीच Haryana State Commission for Women की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि यदि बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते हैं तो उनका पासपोर्ट जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
यूपी तक पहुंचा विरोध
मामला अब हरियाणा से बाहर भी फैलता नजर आ रहा है। Uttar Pradesh State Commission for Women की उपाध्यक्ष Aparna Yadav ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य में बादशाह के सभी कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।
उनका कहना है कि गानों में अश्लीलता और स्कूल ड्रेस के कथित गलत इस्तेमाल से समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।