मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने 35 लोगों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। इनमें 19 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी निगरानी के दौरान इन लोगों की पहचान की गई। आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया पर झूठे और भ्रामक वीडियो पोस्ट कर रहे थे, जिससे लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन सकता था।
तीन ग्रुप में बांटे गए आरोपी
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को तीन अलग-अलग समूहों में बांटा गया है।
पहले समूह में कुल 10 लोग शामिल हैं, जिनमें पांच भारतीय नागरिक हैं। इनके अलावा दो फिलीपींस, एक पाकिस्तान, एक नेपाल और एक मिस्र का नागरिक भी शामिल है। इन पर आरोप है कि इन्होंने ऐसे वीडियो क्लिप शेयर किए, जिनमें यूएई में मिसाइलों को रोके जाने या लोगों के इकट्ठा होने जैसे दृश्य दिखाए गए थे। इन वीडियो में कमेंट्री और साउंड इफेक्ट्स जोड़कर ऐसा माहौल बनाया गया मानो यूएई पर हमला हो रहा हो, जिससे जनता में डर फैल सकता था।
दूसरे समूह में सात लोग शामिल हैं, जिनमें पांच भारतीय, एक नेपाली और एक बांग्लादेशी नागरिक हैं। इन लोगों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी वीडियो बनाने का आरोप है। बताया गया कि इन्होंने दूसरे देशों की पुरानी घटनाओं के फुटेज का इस्तेमाल कर उसमें विस्फोट और मिसाइल हमले जैसे दृश्य दिखाए। इसके बाद वीडियो में यूएई का झंडा या तारीख जोड़कर यह दावा किया गया कि ये घटनाएं यूएई में हुई हैं।
तीसरे समूह में छह लोग शामिल हैं, जिनमें पांच भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक है। आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर एक दुश्मन देश और उसके नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की। इन पोस्ट्स में उस देश की सैन्य कार्रवाइयों को बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचार किया गया और उसके नेताओं व हमलों की सराहना की गई, जिसे यूएई के राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा के खिलाफ माना गया।
दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन से जुड़ी घटना
इसी बीच सोमवार (16 मार्च) को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन से जुड़ी एक घटना भी सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रोन के कारण एयरपोर्ट के पास स्थित एक फ्यूल टैंक में आग लग गई। सूचना मिलने पर दुबई सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों को रोक दिया गया था। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।