नई दिल्ली। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपनी निजी जिंदगी में नई पारी की शुरुआत कर दी है। यश दयाल ने चार फरवरी को नोएडा में आयोजित एक निजी समारोह में कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ शादी रचाई। इस समारोह में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए थे। शादी को काफी गोपनीय रखा गया था, लेकिन अब इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रेप के आरोपों को लेकर रहे थे चर्चा में
पिछले वर्ष यश दयाल पर दो अलग-अलग मामलों में रेप के आरोप लगे थे। एक मामले में जयपुर की एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया था कि दयाल ने उसे दो साल तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया। इस संबंध में जयपुर के सांगानेर सदर थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं गाजियाबाद की एक महिला ने भी उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था।
कौन हैं श्वेता पुंडीर
श्वेता पुंडीर एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब छह लाख फॉलोअर्स हैं। वह दिल्ली की रहने वाली हैं और कंटेंट क्रिएटर, व्लॉगर तथा आर्टिस्ट के रूप में जानी जाती हैं। इसके अलावा उन्होंने इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग में ब्रॉडकास्टर्स के साथ भी काम किया है। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता है।
आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए खेलेंगे
यश दयाल आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए पांच करोड़ रुपये में रिटेन किया है। उन्होंने 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए आईपीएल में पदार्पण किया था। 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए थे, जिसके बाद वह काफी चर्चा में आए थे। हालांकि अगले सीजन में आरसीबी के लिए खेलते हुए उन्होंने शानदार वापसी की। वर्ष 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में भी शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया था।