मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक हालात को लेकर देश में लॉकडाउन की अटकलें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर “लॉकडाउन इन इंडिया” जैसे ट्रेंड्स भी देखने को मिल रहे हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया कि देश में लॉकडाउन लगाने को लेकर कोई योजना नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वैश्विक स्थिति भले ही अनिश्चित हो, लेकिन सरकार हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सप्लाई चेन और ऊर्जा क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मंत्री ने यह भी कहा कि भारत ने पहले भी वैश्विक संकटों का मजबूती से सामना किया है और आगे भी समय पर तथा समन्वित तरीके से कदम उठाए जाते रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांत रहें, जिम्मेदारी दिखाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें।
दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा में मिडिल ईस्ट संकट पर संबोधन दिया था। अपने भाषण में उन्होंने कहा था कि इस संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है और देश को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कोविड-19 के समय की तरह एकजुटता और धैर्य बनाए रखने की अपील की थी।
हालांकि, अपने पूरे संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहीं भी “लॉकडाउन” शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गलत व्याख्या के चलते लॉकडाउन को लेकर अफवाहें फैलने लगीं। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।