बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस के दो चर्चित आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई और अंशिका वर्माअब अपनी प्रेम कहानी को शादी के रिश्ते में बदलने जा रहे हैं। गुरुवार को दोनों की रिंग सेरेमनी बेहद धूमधाम के साथ संपन्न हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
संभल और बरेली के इन तेजतर्रार अधिकारियों की सगाई 26 मार्च को आयोजित की गई, जिसमें परिवार, करीबी लोगों और प्रशासनिक महकमे के कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान दोनों ने मंच पर जमकर मस्ती की और अपने खास पलों को खुलकर एंजॉय किया।
रिंग सेरेमनी के दौरान अंशिका वर्मा गोल्डन रंग के लहंगे में नजर आईं, जबकि केके बिश्नोई ब्लैक सूट में बेहद आकर्षक दिखे। जैसे ही बिश्नोई ने अंशिका को अंगूठी पहनाई, दोनों खुशी से झूम उठे। मंच पर ही हंसी-ठिठोली करते हुए उन्होंने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपनी खुशी जाहिर की।
स्टेज पर डांस ने लूटी महफिल
इस ‘सिंघम जोड़ी’ ने समारोह के दौरान मंच पर जमकर डांस भी किया। वायरल वीडियो में दोनों बॉलीवुड गाने “चल प्यार करेगी…” पर थिरकते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि केके बिश्नोई ने अंशिका को गोद में उठाकर भी डांस किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। देर रात तक संगीत और नृत्य का कार्यक्रम चलता रहा। इस कार्यक्रम में संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राजस्थान में होंगे शादी के कार्यक्रम
रिंग सेरेमनी भले ही संभल में हुई हो, लेकिन शादी के बाकी कार्यक्रम राजस्थान में आयोजित किए जाएंगे।
27 मार्च: बाड़मेर के धोरीमना गांव में हल्दी और संगीत
29 मार्च: जोधपुर में मुख्य विवाह समारोह
30 मार्च: जोधपुर के लहरिया रिसॉर्ट में रिसेप्शन
इस शादी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया गया है।
ऐसे शुरू हुई लव स्टोरी
दोनों की मुलाकात साल 2023 में गोरखपुर में हुई थी। उस समय केके बिश्नोई एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी थीं। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और अब यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया है। केके बिश्नोई: 2018 बैच के आईपीएस, मूल रूप से बाड़मेर के धोरीमना गांव के निवासी, वर्तमान में संभल में तैनात। अंशिका वर्मा: 2021 बैच की आईपीएस, प्रयागराज की रहने वाली, फिलहाल बरेली में एसपी (दक्षिण) के पद पर कार्यरत।