शुक्रवार रात दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। झटके जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब तक महसूस किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा में स्थित था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.9 मापी गई, जबकि इसकी गहराई लगभग 175 किलोमीटर बताई जा रही है।
भूकंप के झटकों के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में लोगों के बीच चिंता बढ़ गई, हालांकि फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। पठानकोट में रात करीब 9:50 बजे हल्के झटके महसूस किए गए, वहीं नोएडा में भी कुछ सेकंड तक कंपन महसूस हुआ। भूकंप आने का मुख्य कारण धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों का आपस में टकराना, रगड़ना या खिसकना होता है। इस प्रक्रिया में जमीन के अंदर संचित ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, जिससे धरती पर कंपन उत्पन्न होता है।