पलामू| पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड स्थित एकौनी गांव में माता-पिता को खो चुके तीन मासूम बच्चों की स्थिति सामने आने के बाद जिला प्रशासन और राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे और बच्चों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि गांव के एक समाजसेवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए बच्चों की कठिन परिस्थितियों की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाई थी। पोस्ट में कहा गया था कि माता-पिता के निधन के बाद तीनों बच्चे बेहद मुश्किल हालात में जीवन बिता रहे हैं और शिक्षा समेत जरूरी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तुरंत जांच कर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को बेहतर शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा गया। सीएम के निर्देश के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत करीब 80 किलोमीटर दूर एकौनी गांव पहुंचे। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ा जाए, पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाया जाए और राशन कार्ड में दोनों बच्चों का नाम जल्द शामिल किया जाए। इसके अलावा बच्चों को उनकी पैतृक संपत्ति में कानूनी अधिकार सुनिश्चित कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया और अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि किसी भी परेशानी में वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
गांव पहुंचने से पहले उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना। मौके पर एसडीओ गौरांग महतो, एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला, अंचल अधिकारी पंकज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसके रवि और मुखिया विनोद कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।