चंडीगढ़। पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा बयान दिया है। शनिवार को उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से हटने नहीं दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता पूरे सत्यापन अभियान के दौरान हर बूथ पर मौजूद रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि हर पात्र नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर सके।
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि देश के कुछ राज्यों में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और फर्जी वोट जोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि कई जगहों से वास्तविक वोटरों के नाम हटाए जाने की खबरें भी आई हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ी है। हालांकि पंजाब में ऐसी किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ मिलकर पूरे अभियान पर नजर रखेंगे, ताकि किसी तरह की अनियमितता न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से विदेश जाकर दूसरे देशों की नागरिकता ले चुके हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटना स्वाभाविक प्रक्रिया है। लेकिन पंजाब के किसी भी वास्तविक निवासी को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।