पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा चिंताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। करीब 20 हजार टन एलपीजी लेकर ‘सिमी’ नामक गैस कैरियर सुरक्षित रूप से गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि जहाज ने 13 मई को संवेदनशील होर्मुज स्ट्रेट को पार किया था।
जानकारी के मुताबिक, जहाज पर कुल 21 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें 8 यूक्रेन और 13 फिलीपींस के नागरिक शामिल हैं। निगरानी में चल रहे समुद्री ऑपरेशन्स के दौरान ‘सिमी’ होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला 11वां एलपीजी टैंकर बताया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, जहाज की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए डीजी शिपिंग, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के बीच लगातार समन्वय बनाया गया था। इसी वजह से जहाज बिना किसी बाधा के भारतीय बंदरगाह तक पहुंच सका।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं भारत के कच्चे तेल के भंडार में भी पिछले कुछ महीनों के दौरान गिरावट दर्ज की गई है।
कमोडिटी एनालिटिक्स फर्म Kpler के आंकड़ों के मुताबिक, भारत का कुल कच्चा तेल भंडार फरवरी के अंत में 107 मिलियन बैरल था, जो अब घटकर करीब 91 मिलियन बैरल रह गया है। इसमें रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार, रिफाइनरी स्टॉक और वाणिज्यिक भंडारण शामिल हैं।
हालांकि आयात में कमी के बावजूद भारतीय रिफाइनर फिलहाल उत्पादन और प्रोसेसिंग को सामान्य स्तर पर बनाए हुए हैं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लंबे समय तक सप्लाई प्रभावित रही तो रिफाइनरियों को उत्पादन घटाने जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं।