लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में छह दिन पहले अगवा की गई पंजाबी सिंगर इन्दर कौर उर्फ यशइंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ है। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है।
मामले में मृतका के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था। परिवार का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने शुरुआती दिनों में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
परिजनों के मुताबिक, 13 मई की रात इंदर कौर घर से अपनी कार लेकर बाजार के लिए निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि उनकी जान-पहचान मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह से थी।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि सुखविंदर सिंह इंदर कौर से शादी करना चाहता था, लेकिन उन्होंने रिश्ता स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गन प्वाइंट पर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। परिवार का दावा है कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी कनाडा फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय पहले ही कनाडा से पंजाब आया था।
थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह के अनुसार, पुलिस को नीलो नहर में महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पहचान के लिए परिवार को बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान इंदर कौर के रूप में की। फिलहाल पुलिस हत्या और अपहरण दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।