पिछले कारोबारी सप्ताह में BSE Sensex की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 6 के मार्केट कैपिटलाइजेशन में कुल 74,111.57 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, 4 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 51,320.6 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इस दौरान सेंसेक्स 177.36 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीते सप्ताह Reliance Industries, ICICI Bank, Tata Consultancy Services, Bajaj Finance, Larsen & Toubro और Life Insurance Corporation of India के मार्केट कैप में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 24,696.89 करोड़ रुपये बढ़कर 18.33 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, टीसीएस की वैल्यूएशन 19,338.68 करोड़ रुपये बढ़कर 8.38 लाख करोड़ रुपये हो गई।
आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 14,515.93 करोड़ रुपये बढ़कर 9.06 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। एलआईसी की मार्केट वैल्यू 9,076.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5.14 लाख करोड़ रुपये रही। इसके अलावा बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के मार्केट कैप में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दूसरी ओर Bharti Airtel, Hindustan Unilever, State Bank of India और HDFC Bank के निवेशकों को झटका लगा। भारती एयरटेल का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 20,229.67 करोड़ रुपये घटकर 11.40 लाख करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर की वैल्यूएशन में 16,212.18 करोड़ रुपये की गिरावट आई। वहीं, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक के मार्केट कैप में भी कमी दर्ज की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले वाले सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में करीब 1.34 लाख करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई थी, लेकिन इस बार कंपनी ने मजबूत वापसी करते हुए निवेशकों को राहत दी है।