जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक तकनीकी खराबी आने से केबल कार सेवा बीच रास्ते में रुक गई। इस घटना में करीब 300 से अधिक पर्यटक अलग-अलग केबिनों में हवा में ही फंस गए। मिली जानकारी के अनुसार, गोंडोला का संचालन सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक तकनीकी गड़बड़ी आने से केबल कार आगे बढ़ना बंद हो गई। देखते ही देखते कई केबिन बीच हवा में अटक गए, जिससे पर्यटकों के बीच दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी विभाग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं।
फिलहाल बचाव अभियान लगातार जारी है और सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। बयान में कहा गया, “तकनीकी खराबी के कारण केबल कार सेवा को अस्थायी रूप से रोका गया है। सभी केबिन सुरक्षित हैं और प्रशिक्षित टीमें पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक तकनीकी विशेषज्ञ खराबी को दूर करने में लगे हुए हैं। वहीं, लंबे समय तक हवा में फंसे रहने के कारण पर्यटकों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।