उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र में सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही एक इनोवा कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार 7 लोगों में से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना देर रात करीब 2:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार इनोवा अचानक ट्रेलर से भिड़ गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल तीनों लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर KGMU, लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।