चंडीगढ़ के बुड़ैल गांव में सोमवार शाम सिलेंडर धमाकों की भयावह घटना सामने आई। एक घर में रखे गैस सिलेंडरों में लगातार तीन जोरदार विस्फोट हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाके इतने शक्तिशाली थे कि तीन मंजिला मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही बैक-टू-बैक दो और तेज धमाके हो गए। विस्फोटों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मकान में धमाके हुए वहां करीब 15 गैस सिलेंडर रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि घर में गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग का अवैध कारोबार चल रहा था। माना जा रहा है कि गैस रिसाव के बाद सिलेंडरों में विस्फोट हुआ। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।