नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पास मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक बस्ती में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सर्विस के मुताबिक, घटना जोहान्सबर्ग के पूर्वी इलाके क्लीवलैंड स्थित जंपर्स अनौपचारिक बस्ती की है। पुलिस को रात करीब 11 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने अलग-अलग जगहों पर लोगों को घायल और मृत अवस्था में पाया।
इलाके में घुसते ही बरसाईं गोलियां
पुलिस जांच में सामने आया है कि 10 से ज्यादा संदिग्ध एक सफेद टोयोटा क्वांटम वाहन से इलाके के पास पहुंचे थे। इसके बाद हमलावर दो अलग-अलग रास्तों से बस्ती में दाखिल हुए और लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने बस्ती में घूम-घूमकर कई लोगों को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल पर 11 की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर ही आठ पुरुषों और तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
हमले की वजह अब तक साफ नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे क्या वजह थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।