नई दिल्ली। श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में इंडिया ए ने जीत के साथ शानदार शुरुआत की है। कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका ए को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराया। अब टीम इंडिया की नजरें अगले मैच पर टिकी हैं, जहां 11 जून को उसका सामना अफगानिस्तान ए से होगा।
पहले मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 277 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका ए की टीम 269 रन पर सिमट गई। इस जीत के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।
श्रीलंका की पिच पर आसान नहीं बल्लेबाजी
श्रीलंका की धीमी और स्पिन मददगार पिचों पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं दिख रहा है। पहले मुकाबले में भी भारतीय बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके थे। ऐसे में अफगानिस्तान ए के स्पिनर्स भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी पर फिर रहेंगी नजरें
पहले मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके थे। वैभव ने 14 रन बनाए थे, जबकि प्रभसिमरन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, आईपीएल में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा था, इसलिए टीम मैनेजमेंट एक बार फिर इसी ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जता सकता है।
तीसरे नंबर पर प्रियांश आर्या उतर सकते हैं, जिन्होंने पिछले मुकाबले में उपयोगी पारी खेली थी। वहीं अनुभवी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अफगानिस्तान के खिलाफ भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
कप्तान तिलक से फिर बड़ी उम्मीद
कप्तान तिलक वर्मा ने पहले मैच में जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए थे। उन्होंने मध्यक्रम को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अगले मुकाबले में भी भारतीय टीम को उनसे अहम पारी की उम्मीद होगी। मध्यक्रम में आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय और सूर्यांश शेडगे जैसे ऑलराउंडर टीम को संतुलन दे सकते हैं। ये खिलाड़ी बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
गेंदबाजी में बदलाव की संभावना कम
तेज गेंदबाजी विभाग में अंशुल कंबोज और अरशद खान पर फिर जिम्मेदारी रह सकती है। वहीं स्पिन आक्रमण की कमान विप्रज निगम संभालते नजर आ सकते हैं। पहले मुकाबले में मिली जीत के बाद टीम मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने के मूड में नहीं दिख रहा है।