ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच शांति वार्ता निर्णायक दौर में पहुंच गई है। दोनों देशों के बीच समझौते पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लंबे समय से चला आ रहा युद्ध समाप्त हो सकता है।
इस बीच, ईरानी अधिकारियों ने दिवंगत पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के विदाई समारोह, अंतिम यात्रा और दफन की तारीखों की घोषणा कर दी है। ईरान की फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, 4 और 5 जुलाई को तेहरान स्थित इमाम खुमैनी प्रार्थना स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए जाएंगे। 6 जुलाई को तेहरान में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 7 जुलाई को पवित्र शहर क़ोम और 9 जुलाई को मशहद में विशेष समारोह होंगे।
खामेनेई के पार्थिव शरीर को मशहद स्थित इमाम रज़ा के पवित्र तीर्थस्थल में दफनाया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हुए संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ ईरानी नेता मारे गए थे। उनके निधन के बाद मोज्तबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता चुना गया।
वहीं, संघर्ष की पहली वर्षगांठ पर ईरान के शीर्ष वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने युद्ध में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अमेरिका और इजरायल पर नागरिकों तथा बच्चों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ईरान अपने राष्ट्रीय सम्मान और अंतिम विजय के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में ग़ालिबफ़ ने कहा कि युद्ध के दौरान मारे गए लोगों के बलिदान से प्रेरणा लेकर ईरान अंत तक डटा रहेगा और देश की संप्रभुता तथा सम्मान की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा।