बिहार के बेगूसराय में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खगरिया रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और घटना से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान सामने आई शुरुआती जानकारी के आधार पर संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पीड़िता जब शिकायत लेकर थाने पहुंची थी, तब उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
डीआईजी ने पीड़िता का इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी बातचीत की और जांच टीम को मामले में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
पीड़िता का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार के अनुसार, महिला डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है, जो पीड़िता की देखरेख और उपचार कर रही है। मेडिकल जांच की सभी रिपोर्ट आने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस बीच पीड़िता के परिजनों ने दावा किया है कि करीब तीन महीने पहले भी महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया था। उनका आरोप है कि उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा और बाद में उन्होंने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब पुराने आरोपों और वर्तमान मामले, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।