नई दिल्ली| दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मामले में दिल्ली पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिस बस में वारदात होने की बात सामने आई है, उसे कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
नोएडा जाने के दौरान परी चौक पर उतरी थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है। वह परिवार से विवाद के बाद घर से निकलकर नोएडा में रहने वाले अपने कजिन से मिलने जा रही थी। इसी दौरान भारी बारिश और अंधेरे के बीच वह परी चौक पर उतर गई। बताया गया कि इसी दौरान वहां एक खाली स्लीपर बस पहुंची। बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को नोएडा सेक्टर-63 की तरफ जाने की बात बताई। इसके बाद छात्रा बस में सवार हो गई।
कश्मीरी गेट के पास छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार, छात्रा के बयान के आधार पर आरोप है कि बस में सवार होने के बाद उसके साथ दोनों आरोपियों ने अपराध किया। छात्रा ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर छोड़ दिया और वहां से चले गए। घटना के बाद छात्रा पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी।
तिमारपुर से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बस की तलाश के साथ आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने तिमारपुर के बस पार्किंग इलाके से ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बस को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि घटना से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया जा सके।
मरम्मत के बाद खाली बस लेकर जा रहे थे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बस पहले खराब हो गई थी और उसे सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए ले जाया गया था। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को खाली लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे। जांच के अनुसार, इसी दौरान परी चौक के पास छात्रा बस में सवार हुई। पुलिस के मुताबिक, बस ने परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर की दूरी तय की।
स्लीपर बस में लगे थे पर्दे
जांच में यह भी सामने आया है कि बस के स्लीपर हिस्से में पर्दे लगे हुए थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बस के अंदर क्या हुआ और बाहर से किसी को इसकी जानकारी क्यों नहीं हो सकी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस छात्रा के बयान, बस से मिले संभावित साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।