बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी बड़ी बहन मानसी सिंह ने बेटे को जन्म दिया है, जिसके बाद श्रेयसी सिंह पहली बार मौसी बनी हैं। इस खुशी के मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें केक खिलाकर मुंह मीठा कराया। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान सम्राट चौधरी ने नवजात शिशु और पूरे परिवार को शुभकामनाएं देते हुए बच्चे के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोशल मीडिया पर साझा की पारिवारिक खुशी
श्रेयसी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनके परिवार में पुत्र रत्न का जन्म हुआ है। उन्होंने इस खुशी का श्रेय अपने दिवंगत दादा कुमार सुरेंद्र सिंह, दिवंगत पिता दिग्विजय सिंह और मां पुतुल कुमारी के आशीर्वाद को दिया। साथ ही उन्होंने नवजात भांजे के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री से मिलकर मनाया जश्न
परिवार में आई इस नई खुशी को साझा करने के लिए श्रेयसी सिंह मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को केक खिलाकर खुशखबरी दी। मुख्यमंत्री ने भी इस अवसर पर परिवार को शुभकामनाएं देते हुए अपना आशीर्वाद दिया।
शादी को लेकर फिर शुरू हुई चर्चाएं
श्रेयसी सिंह के मौसी बनने की खबर के साथ ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनकी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बिहार की युवा मंत्री अभी अविवाहित हैं, जिसके चलते समय-समय पर उनके विवाह को लेकर अटकलें लगती रहती हैं। हालांकि, श्रेयसी सिंह फिलहाल अपने राजनीतिक दायित्वों और राज्य के औद्योगिक एवं खेल विकास पर पूरा ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।
राजनीति और खेल दोनों में बनाई पहचान
श्रेयसी सिंह का परिवार लंबे समय से राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह वरिष्ठ राजनेता थे, जबकि उनकी मां पुतुल कुमारी पूर्व सांसद रह चुकी हैं। स्वयं श्रेयसी सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में उद्योग एवं खेल मंत्री के साथ-साथ जमुई से विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।