त्रिपुरा: त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के बॉक्सनगर इलाके में BSF जवानों पर हमले का मामला सामने आया है। अशाबारी गांव में कथित तस्करों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल के तीन जवानों को घेरकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने जवानों के सर्विस हथियार छीनने की भी कोशिश की और उनकी सरकारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (SP) बिजॉय देबबर्मा ने मंगलवार को गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को रातभर चलाए गए अभियान के दौरान पकड़ा गया। सभी को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार लोगों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
BSF जवानों पर हमले के बाद एक्शन में पुलिस
SP बिजॉय देबबर्मा के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों पर हमला बेहद गंभीर मामला है। इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गृह विभाग की ओर से भी पुलिस को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, BSF के महानिरीक्षक (IG) भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की।
तस्करों का पीछा करने के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे अशाबारी बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी बाड़ के पास हुई। यह जगह गेट नंबर 174 और 175 के नजदीक बताई जा रही है। आरोप है कि कुछ लोग सीमा पार अवैध सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान 49वीं बटालियन के BSF जवानों ने उन्हें रोकने के लिए पीछा किया। बताया जा रहा है कि जवानों को देखकर संदिग्ध लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इसी दौरान BSF ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसकी पहचान हेफजुर रहमान के रूप में बताई गई है। उसे घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर पकड़ा गया था।
तीन जवानों को घेरकर पीटा, हथियार छीनने की कोशिश
इसी बीच रहीमपुर कंतमुरा BOP के तीन BSF जवान एक सरकारी वाहन से बॉक्सनगर की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनका वाहन नाकाबंदी वाले स्थान के पास पहुंचा, कथित तस्करों के एक समूह ने जवानों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। चश्मदीदों के बयान और सामने आए वीडियो फुटेज के मुताबिक, हमलावरों ने जवानों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोप यह भी है कि भीड़ ने जवानों के सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की और सरकारी वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने का भी दावा
सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि हमले में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे। आरोप है कि ये लोग अशाबारी इलाके में रहकर सीमा पार तस्करी की गतिविधियों से जुड़े हुए थे। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अशाबारी BOP से BSF के अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद हमलावर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।