लखनऊ। उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होगा और इस बार पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में सीजन-4 से जुड़े सभी अहम प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।
14 अगस्त से 6 सितंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला चरण लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा, जहां 22 मैच खेले जाएंगे। वहीं दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मुकाबले होंगे। उद्घाटन मैच लखनऊ में, जबकि फाइनल और समापन समारोह कानपुर में होगा।
सीजन-4 की नीलामी 24 जुलाई को आगरा में होगी, जिसमें छह फ्रेंचाइजी के लिए 45 खिलाड़ियों की बोली लगेगी। इस बार कुल 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता टीम को 1 करोड़ और उपविजेता को 60 लाख रुपये मिलेंगे। इस सीजन की खास पहल “हर बाउंड्री, एक नई हरियाली” अभियान होगी। टूर्नामेंट के दौरान लगने वाले हर चौके और छक्के के बदले उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में वृक्षारोपण कराया जाएगा।
Tt संजय कपूर,चेयरमैन, यूपी टी20 लीग