उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी विधायकों का स्वागत किया और सदन की कार्यवाही को जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रखने की अपील की। वहीं, सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया।
CM योगी ने जनहित के मुद्दों पर चर्चा का किया आह्वान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा, समीक्षा और समाधान के लिए विधानसभा सबसे उपयुक्त मंच है। उन्होंने कहा, “मैं सभी सदस्यों का स्वागत करता हूं। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि सदन के समय का अधिकतम सदुपयोग हो और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वदलीय बैठक में भी उन्होंने सभी दलों से सकारात्मक और रचनात्मक सहयोग की अपील की थी।
‘डबल इंजन सरकार ने बदली लाखों लोगों की जिंदगी’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार की योजनाओं से छह करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया गया है। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन में विधायिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और जनप्रतिनिधियों को जनता के हित से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा करनी चाहिए।
राम मंदिर और NEET मुद्दे पर सपा का प्रदर्शन
सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET पेपर लीक और अन्य मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा नेता ज़ाहिद बेग साइकिल से विधानसभा पहुंचे और विभिन्न मुद्दों से जुड़े पोस्टर प्रदर्शित किए। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले, E20 पेट्रोल और नई शिक्षा नीति को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
सरकार का पलटवार
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विपक्ष के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल मुद्दे गढ़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार हर सवाल का जवाब देने में सक्षम है। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास जनता से जुड़े मुद्दों का कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल समय बिताने की राजनीति कर रहा है और उसे पहले अपने शासनकाल की स्थिति पर भी जवाब देना चाहिए।