जींद| हरियाणा के जींद से बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। वह महज 27 साल के थे। परिवार के मुताबिक, घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है। मोहित के अचानक निधन की खबर से परिवार के साथ उनके गांव और कबड्डी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वह अपनी शानदार रेडिंग के लिए पहचाने जाते थे और हरियाणा-पंजाब में कई बड़े कबड्डी मुकाबलों में हिस्सा ले चुके थे।
10 साल की उम्र से शुरू किया था कबड्डी का सफर
मोहित जींद के नंदगढ़ गांव के रहने वाले थे। बताया जाता है कि उन्होंने करीब 10 साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था। गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश की देखरेख में उन्होंने स्टेडियम में अभ्यास करना शुरू किया। कम उम्र से ही कबड्डी के प्रति उनका जुनून बढ़ता गया और मेहनत के दम पर उन्होंने इस खेल में अपनी अलग पहचान बनाई। हरियाणा और पंजाब में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और पुरस्कार अपने नाम किए।
विदेशों में भी दिखाया खेल का हुनर
मोहित ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कबड्डी खेली थी। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने दुबई, कनाडा और इंग्लैंड में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई ट्रॉफियां जीतीं। वह कई चर्चित खिलाड़ियों के साथ भी मुकाबला कर चुके थे।
चोट के बाद कर रहे थे वापसी की तैयारी
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले मोहित को चोट लगी थी, जिसके बाद उनका ऑपरेशन हुआ था। वह ऑपरेशन के बाद रिकवरी कर रहे थे और दोबारा कबड्डी के मैदान पर लौटने के लिए अभ्यास भी शुरू कर चुके थे। परिवार और उनके साथी खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि मोहित जल्द ही पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे। लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार, मोहित अविवाहित थे। उनके निधन से परिजन और साथी खिलाड़ी गहरे सदमे में हैं।