सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में गुरुवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी निजी बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं।यह दुर्घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 96.5 के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। जानकारी के मुताबिक निजी बस गुरुग्राम से बिहार जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार और थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, 11 घायलों को कुमारगंज स्थित 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
बस में यात्रियों की संख्या ज्यादा होने का आरोप
हादसे के बाद बस में यात्रा कर रहे एक यात्री घनश्याम तिवारी ने बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के होने का दावा किया है। उन्होंने बस के ओवरलोड होने का आरोप लगाया। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस दावे की जांच की जा रही है।क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि पीआरबी के जरिए दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात कराया गया सामान्य
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा सामान्य करा दिया।