कानपुर, 28 अगस्त 2026: यूपी टी-20 लीग सीजन-4, पावर्ड बाय Vimal Elaichi और NCS, के कानपुर चरण का आगाज काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा के तूफानी शतक के साथ हुआ। ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में करन शर्मा की 102 रन की कप्तानी पारी और विजय यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर काशी रुद्रास ने नोएडा किंग्स को 67 रन से हरा दिया।

लगातार चार हार के बाद काशी रुद्रास ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार वापसी की। करन शर्मा को उनकी बेहतरीन शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नोएडा किंग्स की पूरी टीम 18.4 ओवर में 150 रन पर सिमट गई।
करन शर्मा ने जड़ा लीग का तीसरा शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास को अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करन शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 102 रन की शतकीय साझेदारी की। अभिषेक गोस्वामी ने 34 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 63 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर कातिक सिद्धू ने बॉबी के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट जायसवाल महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। साहब युवराज सिंह ने 6 गेंदों पर 9 रन का योगदान दिया।

दूसरे छोर पर कप्तान करन शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने महज 51 गेंदों पर 102 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। करन ने नोएडा के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और टीम को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। करन शर्मा आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। उन्होंने शुभम चौबे के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। शुभम ने 14 गेंदों पर 17 रन बनाए। नोएडा किंग्स की ओर से नमन तिवारी और बॉबी यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए।
विजय यादव की घातक गेंदबाजी, 4 विकेट लेकर तोड़ी नोएडा की कमर
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स को शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि काशी के गेंदबाजों ने जल्द ही मुकाबले पर पकड़ बना ली। शोएब सिद्दीकी पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर ऋषभ राजपूत की गेंद पर साहब युवराज सिंह को कैच दे बैठे। इसके बाद अन्वेष चौधरी को विजय यादव ने 3 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया।

रवि सिंह 6 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। आदित्य शर्मा ने 15 रन बनाए, लेकिन अटल बिहारी राय की गेंद पर विकेट के पीछे उपेंद्र यादव को कैच दे बैठे। माधव कौशिक ने 29 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध किया, लेकिन विजय यादव ने उन्हें कातिक यादव के हाथों कैच करा दिया।

शिवा सिंह ने 14 रन बनाए, जबकि कातिक सिद्धू 1 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान प्रशांत वीर ने 23 रन का योगदान दिया, जबकि वंश खाता भी नहीं खोल सके। नोएडा की पूरी टीम 18.4 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई। काशी रुद्रास की ओर से विजय यादव ने 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए। ऋषभ राजपूत को 3 और अटल बिहारी राय को 2 विकेट मिले।
सांसद रमेश अवस्थी ने किया कानपुर चरण का उद्घाटन
कानपुर चरण के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इसके साथ ही ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के निर्णायक चरण का भी विधिवत आगाज हुआ। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर में यूपी टी-20 लीग के निर्णायक मुकाबलों की शुरुआत शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशी की बात है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर लीग के मैच होने से युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण लीग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब मुकाबले निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक विरासत और कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मंच मिलेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
