बिहार में रविवार तड़के महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से हड़कंप मच गया। अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही ट्रेन आरा रेलवे स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर (SLR) और एच-1 (H1) कोच प्रभावित हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर हुई। ट्रेन के बेपटरी होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही ट्रैक को सामान्य करने का काम शुरू किया गया।
सुबह करीब 4:15 बजे हुआ हादसा
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, महानंदा एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 4:12 बजे आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। ट्रेन दिल्ली के लिए स्टेशन से रवाना हुई और करीब 200 मीटर आगे बढ़ने के बाद डिरेल हो गई। हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल यात्रियों को ट्रेन से उतारा और उन्हें प्लेटफॉर्म की ओर ले जाया गया। इसके बाद परिचालन व्यवस्था बहाल करने के लिए रेलवे की टीम ने काम शुरू किया।
मेन लाइन की जगह सासाराम लाइन की ओर गई ट्रेन
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महानंदा एक्सप्रेस को मुख्य रेल लाइन से आगे जाना था, लेकिन ट्रेन सासाराम की दिशा वाली रेल लाइन पर चली गई। इसी दौरान ट्रेन के कुछ हिस्सों के पटरी से उतरने की जानकारी सामने आई। हालांकि, ट्रेन के गलत लाइन पर जाने और डिरेल होने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे की तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
करीब 7:20 बजे ट्रेन को किया गया रवाना
आरा जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक एन.के. राय ने बताया कि ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद रेलवे अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई। यात्रियों को ट्रेन से उतारकर अनाउंसमेंट के जरिए सुरक्षित प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया गया। स्टेशन प्रबंधक के मुताबिक, ट्रेन को करीब 7:20 बजे उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना सुबह लगभग 4:15 बजे की है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। डिरेलमेंट के कारणों का पता रेलवे की जांच के बाद ही चल सकेगा।
यात्रियों में मचा हड़कंप, रेलवे ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद कुछ समय के लिए यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों की तत्परता से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल रेलवे की ओर से घटना की तकनीकी जांच की जा रही है। हादसे के सटीक कारण और ट्रेन के निर्धारित लाइन से अलग ट्रैक पर जाने की परिस्थितियों को लेकर जांच के बाद विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।