जयपुर| राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई। गोविंद वाटिका में एक महिला और उसकी तीन बेटियां मृत मिलीं। पुलिस के मुताबिक, महिला के पति राहुल झा पर चारों की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतकों की पहचान गीता झा (40), उनकी बेटियां नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और FSL टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना करधनी थाना क्षेत्र की गोविंद वाटिका स्थित एक मकान की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के अलग-अलग हिस्सों में चारों के शव मिले। पुलिस को मौके से एक पत्थर भी मिला है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घरेलू विवाद, आर्थिक परेशानी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सुबह पिता को चाय पिलाकर घर से निकला आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात के बाद राहुल कुछ समय तक घर में ही मौजूद रहा। शुक्रवार सुबह उसने दूध लिया और अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय भी बनाई। बताया जा रहा है कि उस समय बुजुर्ग पिता को घर के अंदर हुई घटना की जानकारी नहीं थी। बाद में उन्होंने घर के एक हिस्से में खून के निशान देखे और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पत्नी चलाती थी ब्यूटी पार्लर, बेटियां कर रही थीं पढ़ाई
परिजनों और पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, गीता झा घर की पहली मंजिल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। उनकी बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। राधिका 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, जबकि सबसे छोटी बेटी गौरी 8वीं की छात्रा थी। पड़ोसियों के मुताबिक, राहुल शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और कुछ दिन पहले ही गुजरात से वापस आया था। एक पड़ोसी महिला ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ दिन पहले राहुल को आर्थिक मदद के तौर पर पैसे भी दिए थे। पुलिस अब इन तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।
आर्थिक परेशानी समेत कई एंगल से जांच
पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे आर्थिक परेशानी या किसी घरेलू विवाद की भूमिका हो सकती है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपी के पकड़े जाने के बाद पूछताछ के जरिए वारदात की वास्तविक वजह सामने आने की बात कह रही है। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी राहुल झा की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।