बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद सलमान खान की सुरक्षा की भी समीक्षा की गई है। बांद्रा स्थित उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जानकारी सामने आई है। सोशल मीडिया पर भी सलमान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था का एक वीडियो सामने आया है।
सलमान के घर के बाहर पुलिस और कमांडो तैनात
फायरिंग की घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस अलर्ट पर है। उनके आवास के बाहर पुलिसकर्मियों और कमांडो की तैनाती की गई है। इसके अलावा, हथियारों से लैस निजी सुरक्षाकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ सुरक्षाकर्मियों के पास MP5 SD6 सबमशीन गन भी है। सलमान खान हाल ही में एक निजी एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ उनके बॉडीगार्ड शेरा भी मौजूद थे। अभिनेता के आसपास सुरक्षा का कड़ा घेरा नजर आया। एयरपोर्ट पर मौजूद पैपराजी से बातचीत किए बिना सलमान सीधे अंदर चले गए।
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
मामला 18 अक्टूबर का है, जब टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास फुटबॉल खेलने के बाद कार से घर लौट रहे थे। कार उनका ड्राइवर चला रहा था और टाइगर आगे की सीट पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों में से दो ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। जानकारी के मुताबिक, एक हमलावर ने सात राउंड फायरिंग की, जबकि दूसरे की बंदूक जाम हो गई। घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने सलमान खान को निशाना बनाने की कही बात
जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनका असली निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि सलमान खान थे। यह भी दावा किया गया कि आरोपियों ने सलमान के घर की रेकी की थी। वहीं, मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने की खबरें भी सामने आई हैं। फिलहाल, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों के बयानों, फायरिंग के पीछे की वजह और कथित साजिश की कड़ियों को खंगाल रही हैं। इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही सतर्कता भी बढ़ गई है।