कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है. बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने भी खड़गे के बयान पर नाराजगी जताई है. कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खड़गे के भाषण का वीडियो साझा करते हुए इसे अमर्यादित राजनीति करार दिया. उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है. कंगना ने सवाल उठाया कि राजनीति में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किस स्तर को दर्शाता है.
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर खड़गे के बयान की आलोचना की. उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियेपन का संकेत बताया. ईरानी ने आरोप लगाया कि जब राजनीतिक दल नीतियों और मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेते हैं, तो इससे लोकतांत्रिक मर्यादाओं को नुकसान पहुंचता है. उन्होंने कहा कि किसी के परिवार को निशाना बनाना न तो राजनीतिक साहस है और न ही विचारों की मजबूती का प्रमाण.
चिराग पासवान ने टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई ऐसी टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है. पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक और वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा का ध्यान रखना जरूरी है. उनके मुताबिक, राजनीतिक विरोध तथ्यों और तर्कों के आधार पर होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए.
खड़गे के किस बयान पर शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद बिहार की राजधानी पटना में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ. कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधन कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा.’ उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और टिप्पणी को प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता से जोड़कर आपत्तिजनक बताया.