उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर निशाना साधा है. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जनता के बीच जाने के बजाय एसी कमरों में बैठकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव को एआई वीडियो बनाने का इतना ही शौक है, तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम समाजवादी पार्टी से बदलकर ‘एआई-वादी’ पार्टी रख लेना चाहिए.
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने सपा प्रमुख की एआई वीडियो वाली राजनीति को लेकर सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने जिन सिद्धांतों पर पार्टी की स्थापना की थी, मौजूदा नेतृत्व उनसे दूर होता जा रहा है.
मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों का किया जिक्र
ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना जय प्रकाश नारायण, डॉ. राम मनोहर लोहिया, आचार्य नरेंद्र देव, कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह और जनेश्वर मिश्र जैसे नेताओं के विचारों से प्रेरित होकर की गई थी. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने पार्टी की विचारधारा को एआई वीडियो और सोशल मीडिया तक सीमित कर दिया है. उन्होंने कहा कि सच्चे समाजवादी इस बदलाव से निराश हैं. सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव के बेटे को एसी कमरों में बैठकर एआई वीडियो बनाने में ही खुशी मिल रही है. उन्होंने अंग्रेजी गानों पर बनाए जा रहे वीडियो को लेकर भी सपा अध्यक्ष पर निशाना साधा.
‘राजनीति गांव और गरीबों के बीच जाकर होती है’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को जमीन पर उतरकर राजनीति करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि राजनीति गांव, गरीब, किसान और आम जनता के बीच जाकर की जाती है. केवल मोबाइल स्क्रीन पर वीडियो और रील बनाने से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता. राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव पिछले करीब 10 साल से सत्ता से बाहर हैं. उनके मुताबिक, इस दौरान सपा प्रमुख के पास प्रदेश के गांवों में जाकर लोगों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने का पर्याप्त समय था.
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने जनता के बीच सक्रिय रहने के बजाय सोशल मीडिया और एसी कमरों में समय बिताया. राजभर ने कहा कि अब जब सपा की राजनीतिक जमीन कमजोर हो रही है, तो अखिलेश यादव एआई वीडियो के जरिए अपने समर्थकों को खुश करने में लगे हैं.
2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव को दी चेतावनी
ओम प्रकाश राजभर ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि गैर यादव पिछड़े वर्ग और बहुजन समाज के लोग अब अखिलेश यादव के बहकावे में नहीं आने वाले हैं. उन्होंने कहा कि अति पिछड़े और बहुजन वर्ग को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो खेत-खलिहान और गांवों में जाकर उनकी समस्याओं को समझे. राजभर ने आरोप लगाया कि इंटरनेट पर एआई वीडियो बनाकर राजनीतिक संदेश देने से जनता की समस्याएं हल नहीं होंगी. सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव की एआई वीडियो वाली राजनीति का जवाब देगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद सपा को अपनी साइकिल का हैंडल और पैडल तक ढूंढना पड़ सकता है.