दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित होने जा रही है. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष इस रैली के जरिए अपनी आवाज उठाने की तैयारी में है. इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ किया है कि वह वोट चोरी के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन हो रहा है. उन्होंने दावा किया कि इन मामलों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ लाठीचार्ज किया गया. राहुल गांधी ने कहा कि इन मुद्दों पर जनता अपनी आवाज उठाएगी.
राहुल गांधी की लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान करते हुए इसे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ बताया. उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों समेत लोकतंत्र को लेकर चिंतित लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की. कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वोट जनता का है, तो उसकी रक्षा की लड़ाई में भी लोगों की भागीदारी जरूरी है. INDIA गठबंधन इस आयोजन के जरिए SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहता है.
BJP पर राहुल गांधी का तंज
अपनी पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने रैली का प्रचार करने के लिए BJP और उसके सहयोगियों का तंज भरे अंदाज में धन्यवाद दिया. साथ ही कहा कि उन्हें अगले सात दिनों तक भी इसी तरह प्रचार जारी रखना चाहिए. राहुल गांधी की इस टिप्पणी को महारैली से पहले राजनीतिक बयानबाजी के तौर पर देखा जा रहा है. वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है.
महारैली में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है.