लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने अपने पिता के साथ बिताए समय और उनसे मिली सीख का जिक्र किया. अखिलेश ने कहा कि नेताजी ने उन्हें मुश्किल वक्त में लोगों का साथ देने और रिश्तों को सुधारने के लिए आगे बढ़ने की सीख दी थी. इस दौरान उन्होंने 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू करने का भी ऐलान किया.
अखिलेश ने बताया पिता से क्या सीखा
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि नेताजी के समाजवादी विचारों और मानवीय मूल्यों को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने का संकल्प दोहराते हैं. अखिलेश ने अपने संदेश में बताया कि पिता से मिली सबसे अहम सीख यह थी कि किसी व्यक्ति के मुश्किल समय में उसका साथ देना चाहिए. अगर कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो अपनी क्षमता के अनुसार उसकी सहायता करनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कई बार परिस्थितियों या किसी दबाव के चलते लोग आपके खिलाफ हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे हमेशा बुरे हैं. यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन और बिना किसी स्वार्थ के रिश्ते सुधारने की पहल करे तो उसका स्वागत करना चाहिए.
2027 में सरकार बनी तो फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने यश भारती सम्मान को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस सम्मान को दोबारा शुरू किया जाएगा. इसके साथ ही सम्मान पाने वालों को मिलने वाली राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी. अखिलेश ने कहा कि यश भारती सम्मान के जरिए प्रदेश की उन प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन दिया जाता था, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है. उन्होंने याद दिलाया कि मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की थी. अखिलेश के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस योजना को नए सिरे से लागू किया जाएगा.
मेडिकल छात्रों के लिए भी किया ऐलान
अखिलेश यादव ने मेडिकल छात्रों को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डॉक्टरों के लिए एक समान वेतन व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा. उन्होंने इसे ‘वन बॉन्ड, वन सैलरी’ की व्यवस्था बताते हुए मेडिकल छात्रों को भरोसा दिलाया. इस दौरान अखिलेश ने केंद्र सरकार के ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के विचार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एक देश और एक चुनाव की बात करने वाले लोग अभी एक मतदाता सूची तक तैयार नहीं कर पाए हैं.
नेताजी की विचारधारा को सबसे बड़ी विरासत बताया
अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा लोगों को जोड़ने और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का काम किया. वे सबको साथ लेकर चलने की सीख देते थे. अखिलेश ने कहा कि नेताजी से मिली यही विचारधारा और सिद्धांत उनके लिए सबसे बड़ी विरासत हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों का सम्मान और उत्साहवर्धन करते थे. कार्यक्रम में लैपटॉप पाने वाले बच्चों का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि नेताजी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने में हमेशा आगे रहते थे. उन्होंने इसी सोच के साथ लोगों की सेवा करने का संकल्प दोहराया.