भारत के दिग्गज पैरा-एथलीट नीरज यादव के निधन की खबर से खेल जगत में शोक है. पैरा एशियन गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीत चुके 42 वर्षीय नीरज मंगलवार को अपने फ्लैट में मृत पाए गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने आत्महत्या की है । हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. भारत के मुख्य पैरा-एथलेटिक्स कोच एस. सत्यनारायण ने नीरज यादव के निधन की पुष्टि की है. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया. शुरुआती जानकारी में विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
डोपिंग प्रतिबंध के कारण आगामी एशियन पैरा गेम्स से थे बाहर
कोच एस. सत्यनारायण के मुताबिक, नीरज यादव डोपिंग प्रतिबंध के चलते आगामी आईची-नागोया एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा नहीं ले पा रहे थे. उन्होंने आशंका जताई कि इस परिस्थिति से नीरज मानसिक दबाव में हो सकते थे. हालांकि, इसे उनकी मौत का कारण मानने की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. नीरज यादव ने 2018 में एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था. उस उपलब्धि के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी.
बचपन की चुनौती के बावजूद खेलों में बनाई पहचान
उत्तर प्रदेश के रहने वाले नीरज यादव देश के प्रमुख पैरा-एथलीटों में गिने जाते थे. उन्हें सात साल की उम्र में पोस्ट-पोलियो रेसिडुअल पैरालिसिस होने का पता चला था. इसके बावजूद उन्होंने खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई. नीरज ने पैरा-एथलेटिक्स से पहले कई साल तक व्हीलचेयर टेनिस खेला. 2005 से 2012 के बीच इस खेल से जुड़े रहने के बाद उन्होंने एथलेटिक्स की ओर रुख किया. साल 2015 में दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में शॉट पुट, जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
2018 और 2023 में जीते थे कई गोल्ड मेडल
नीरज यादव ने 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों की F55 जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 29.84 मीटर के एशियन रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था. इसके बाद 2023 में चीन में हुए एशियन पैरा गेम्स में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. इस प्रतियोगिता में नीरज ने जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किए. उनकी उपलब्धियों ने भारतीय पैरा-एथलेटिक्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
डोपिंग मामले में लगा था प्रतिबंध
अक्टूबर 2023 के बाद नीरज के खेल करियर को बड़ा झटका लगा. नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) की जांच में उनके नमूने में प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड स्टैनोजोलोल पाए जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद उन पर प्रतिबंध लगाया गया, जिसके चलते वह आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पा रहे थे.