पटना। बिहार में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पटना साहिब पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने, सुरक्षा, स्वास्थ्य और साफ-सफाई समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रकाश पर्व के अवसर पर 9 से 16 जनवरी 2027 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार आयोजन की थीम ‘बिहार है तैयार, जी आया नूं’ रखी गई है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्था विकसित करने और लगभग 20 हजार लोगों के रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे। ऐसे में उनका आवागमन सुगम और सुविधाजनक होना चाहिए। उन्होंने पटना साहिब तक पहुंचने वाली सड़कों को व्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
रेलवे स्टेशनों पर भी होंगी विशेष व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पटना साहिब रेलवे स्टेशन के साथ गुलजारबाग, पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेल और हाजीपुर के महाप्रबंधक को रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए समुचित व्यवस्था करने को कहा। प्रकाश पर्व के दौरान विशेष बसों का भी संचालन किया जाएगा। साथ ही दीघा घाट से कंगन घाट तक यातायात के दबाव को कम करने के लिए विशेष व्यवस्था करने और जरूरत पड़ने पर नाव के संचालन की संभावना तलाशने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर लंगर तक की तैयारी
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने हृदय रोग विशेषज्ञों सहित अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, चेकपोस्ट और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी। लंगर और अन्य सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कॉम्फेड की ओर से दूध और दही की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने प्रकाश पर्व की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी, जबकि पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तैयारियों का ब्यौरा रखा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने तख्त श्री हरमंदिर जी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को भी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय सहयोग देने की बात कही। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।











