बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को हाल ही में मिली बम धमकी के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. रविवार को अभिनेता अपने जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे, लेकिन इस बार सुरक्षा के खास इंतजाम नजर आए. अमिताभ बच्चन ने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन किया. इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी साथ थे.
‘जलसा’ को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी
दरअसल, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला था. इसमें अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ को निशाना बनाने की बात कही गई थी. ईमेल में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच उनके घर पर हमला किया जा सकता है. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. जलसा के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी
धमकी भरे ईमेल में गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम का भी जिक्र किया गया था. इसमें दावा किया गया कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान विस्फोट किया जा सकता है. इस इनपुट के बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है.
BMC मुख्यालय को लेकर भी किया गया था दावा
ईमेल में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय स्थित महापौर कार्यालय में दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होने की चेतावनी भी दी गई थी. इसके बाद परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
पुलिस के मुताबिक, उप महापौर संजय घाड़ी को भेजे गए ईमेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की धमकी भी दी गई थी. संदेश में ‘खालिस्तान’ का उल्लेख करते हुए अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
लगातार मिल रही धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. अमिताभ बच्चन के आवास के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से जुड़े स्थानों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ईमेल की जांच कर रही है और धमकियों की सत्यता का पता लगाने में जुटी है.