देवास |मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शराब से भरे ट्रक का पीछा कर रही पुलिस टीम के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना हरदा-नेमावर हाईवे पर हुई. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए बनाई गई थीं टीमें
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की तरफ से एक ट्रक अवैध शराब लेकर आ रहा है. यह ट्रक इंदौर के रास्ते गुजरात जाने वाला था. सूचना के बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को रोकने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं. इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस की टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं. साथ ही रास्ते में उसे रोकने के लिए नाकाबंदी भी की गई थी.
चालक को पकड़ने पहुंचे थे थाना प्रभारी
बताया जा रहा है कि हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका था. इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी उसे पकड़ने के लिए पहुंचे और ट्रक से नीचे उतरने को कहा. इस दौरान थाना प्रभारी और चालक के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. आरोप है कि चालक ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ट्रक आगे बढ़ा दिया. इसी दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया. गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई.
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक नंबर MP 43 H 4786 को जब्त कर लिया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तस्करी नेटवर्क में हरदा के एक व्यक्ति के साथ देवास के कुछ तस्करों के नाम भी सामने आए हैं. मामले में आगे की जांच की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस अब शराब की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.