बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है. बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस मामले में दिल्ली के संसद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने शास्त्री के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने रुख को स्पष्ट किया. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान पर नाराजगी जताते हुए धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. सांसद ने कहा कि धार्मिक विषयों पर सार्वजनिक मंच से बोलते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए.
धार्मिक बयानों पर सख्त कानून बनाने की मांग
संसद थाने पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के आचरण पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री को एक खास राजनीतिक दल के लोगों का समर्थन मिलता है. सांसद ने कहा कि धार्मिक उपदेश देने वालों के लिए भी नियम तय होने चाहिए.
उनका कहना है कि किसी देवी-देवता, धर्म, जाति, भाषा या समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने धार्मिक मंचों के लिए आदर्श आचार संहिता बनाने की जरूरत भी बताई.
धीरेंद्र शास्त्री को दी शास्त्रों पर बहस की चुनौती
पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को रामायण और गीता के श्लोकों को लेकर सार्वजनिक मंच पर बहस करने की चुनौती भी दी. उन्होंने कहा कि अगर शास्त्री उनकी चुनौती स्वीकार करते हैं तो वह भी मंच पर मौजूद रहेंगे. सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि धार्मिक पहचान का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को लेकर कई तीखी टिप्पणियां कीं.