राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर धमाके की घटना से हड़कंप मच गया है. अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर गांव 50 जीबी के पास मंगलवार को विस्फोट हुआ. घटना में रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.
ट्रेन गुजरने के बाद हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ. धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के स्लीपर टूट गए. इनके अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया. इसके अलावा रेलवे ट्रैक को जोड़ने वाले क्लिप भी अपनी जगह से अलग हो गए.
मौके पर पहुंचीं जांच एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. एटीएस और एफएसएल की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है. एफएसएल टीम ने इलाके को घेरकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है.
ट्रेन को निशाना बनाने की आशंका की जांच
पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी में अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाए जाने की आशंका सामने आई है. जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं. फिलहाल किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.