वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उनके खिलाफ एक कथित एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में FIR दर्ज की है. यह वीडियो रूस के विदेश मंत्री से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस का आरोप है कि वीडियो के जरिए भ्रामक और भड़काऊ जानकारी प्रसारित की गई, जिससे अफवाह फैलने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी.
साइबर पेट्रोलिंग के दौरान सामने आया मामला
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान यह मामला संज्ञान में आया. जांच में सामने आया कि प्रशांत भूषण के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए गए कथित एडिटेड वीडियो को अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स ने भी आगे प्रसारित किया.
पुलिस ने इस मामले में स्पेशल सेल थाने में FIR नंबर 263/26 दर्ज की है. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(1)(c), 356 और 340(2) के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C लगाई गई है. फिलहाल पुलिस वीडियो के स्रोत और उसे प्रसारित करने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कुल पांच धाराओं के तहत कार्रवाई की है.
- BNS की धारा 336(4): धोखाधड़ी के इरादे से जालसाजी करने से संबंधित प्रावधान.
- BNS की धारा 353(1)(c): ऐसे झूठे बयान, सूचना या अफवाह से जुड़ा प्रावधान, जिससे विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य या अपराध के लिए उकसावे की स्थिति पैदा हो सकती है.
- BNS की धारा 356: मानहानि से संबंधित प्रावधान.
- BNS की धारा 340(2): जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को असली बताकर इस्तेमाल करने से जुड़ा प्रावधान.
- IT एक्ट की धारा 66C: किसी दूसरे व्यक्ति की डिजिटल पहचान, पासवर्ड या इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर का धोखाधड़ी से इस्तेमाल करने से संबंधित प्रावधान.
विदेश मंत्रालय और रूसी दूतावास ने वीडियो को बताया था फर्जी
इस वीडियो को लेकर विदेश मंत्रालय की फैक्ट-चेक यूनिट पहले ही स्पष्टीकरण जारी कर चुकी थी. मंत्रालय के मुताबिक, वीडियो में इस्तेमाल की गई आवाज और सबटाइटल फर्जी थे और उन्हें AI की मदद से तैयार किया गया था.
भारत में रूसी दूतावास ने भी इस तरह के भ्रामक वीडियो को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी. अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कहां तैयार किया गया और इसे सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित किया गया.