नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. धमकी देने वाले शख्स ने उनकी बेटी हर्षिता को भी निशाना बनाने की बात कही है. आरोपी ने कथित तौर पर दोनों की जान के बदले 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने केजरीवाल से सीधे संपर्क करने के बजाय आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को फोन किया. उसने विधायक से कहा कि वे उसका संदेश केजरीवाल तक पहुंचा दें. फोन करने वाले ने कथित तौर पर चेतावनी दी कि 7 करोड़ रुपये नहीं मिलने पर केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा. कॉल के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजकर फिरौती की मांग दोहराई.
विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन
यह मामला दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से AAP विधायक जरनैल सिंह से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी. फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और केजरीवाल तक अपनी बात पहुंचाने को कहा. विधायक के मुताबिक, कॉल करने वाले ने 7 करोड़ रुपये की मांग करते हुए केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या की धमकी दी. इसके बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर भी मैसेज भेजा गया. विधायक ने बताया कि आरोपी की प्रोफाइल पर अंग्रेजी का अक्षर ‘H’ दिखाई दे रहा था. उन्होंने धमकी से जुड़े संदेश और उसके स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रख लिया.
मोहाली पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
धमकी मिलने के बाद जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को पंजाब के मोहाली जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत दी. इसमें उन्होंने फोन कॉल और व्हाट्सएप पर मिले संदेश की जानकारी विस्तार से दी. साथ ही पुलिस को धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सौंपे. शिकायत में विधायक ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने इस घटना को गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए पुलिस से जल्द जांच पूरी करने की अपील की.
BNS और IT एक्ट की इन धाराओं में FIR
शिकायत मिलने के बाद मोहाली पुलिस ने शुरुआती जांच की और साइबर क्राइम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4) और 111(2) के तहत मामला दर्ज किया है. इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66D भी लगाई गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसने किस मकसद से फिरौती की मांग की. मामले में डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव की पड़ताल
मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है. पुलिस की तकनीकी टीम उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और अन्य डिजिटल जानकारियां खंगाल रही है, जिसका इस्तेमाल विधायक को कॉल और मैसेज भेजने के लिए किया गया था. जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या उसने दहशत फैलाने के लिए गैंग का नाम लिया था. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि धमकी के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति या संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है. फिलहाल गैंग से आरोपी का संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है.
केजरीवाल परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है. उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से व्यवस्था मजबूत करने की अपील भी की है.