पठानकोट: पंजाब के सीमावर्ती शहर पठानकोट में बंदूक की नोक पर महिंद्रा XUV-500 कार लूटने की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. रविवार देर रात पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे के पास डाउनटाउन इलाके में अज्ञात बदमाशों ने एक सफेद रंग की XUV कार लूट ली और फरार हो गए. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
लूटी गई गाड़ी का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी वारदात में किए जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं. दोनों राज्यों के सीमावर्ती रास्तों और नेशनल हाईवे पर वाहनों की जांच की जा रही है.
रविवार रात करीब 11 बजे हुई वारदात
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब 11 बजे पठानकोट के डाउनटाउन इलाके में हुई. अज्ञात बदमाशों ने हथियार दिखाकर चालक से सफेद रंग की महिंद्रा XUV-500 छीन ली और मौके से फरार हो गए. लूटी गई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर PB35AA-9902 बताया जा रहा है. यह वाहन पठानकोट के बमियाल इलाके के एक निवासी के नाम पर पंजीकृत है.
पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस हाई अलर्ट पर
घटना के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. दोनों राज्यों की पुलिस सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की जांच कर रही है. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि लूटी गई गाड़ी का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता है. इसी आशंका को देखते हुए संबंधित पुलिस चौकियों और सुरक्षा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि, अभी तक किसी आतंकी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
चालक के अपहरण की खबर पर पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में अलग-अलग रिपोर्टों में चालक को भी अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है. हालांकि, पठानकोट के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि चालक का अपहरण नहीं हुआ था. उन्होंने यह भी कहा कि बदमाशों के जम्मू-कश्मीर की तरफ भागने की बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. इसके जरिए बदमाशों की पहचान और उनके जाने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल लूटी गई XUV और आरोपियों की तलाश जारी है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार लूटने के पीछे क्या मकसद था और क्या इसका किसी बड़ी साजिश से संबंध है.