गन्ना विकास रथ-2026 का शुभारंभ: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से सभी जिलों के लिए ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाना है.
गन्ना उद्योग को प्राथमिकता: बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना एवं बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से गन्ना उद्योग को मजबूत करना तथा किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है.
किसानों को तकनीकी जानकारी: गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना बीज, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद, कृषि यंत्रीकरण पर अनुदान तथा नए क्षेत्रों में निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी.
डिजिटल और जन-जागरूकता पहल: ‘गन्ना ID’ एवं ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट के जरिए किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जाएगा. किसान गोष्ठियों एवं नुक्कड़ নাটकों के माध्यम से जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी.
पटना| मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित ‘गन्ना विकास रथ-2026’ का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि तथा चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. राज्य में 10 चीनी मिलें कार्यरत हो गई हैं, और 5 और चीनी मिलें जल्द शुरू की जाएंगी. उन्होंने कहा कि “समृद्ध उद्योग – सशक्त बिहार” के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना तथा बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से राज्य के चीनी उद्योग को सशक्त बनाया जाएगा.
गन्ना खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे. मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘गन्ना विकास रथ-2026’ किसानों को आधुनिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा देगा.
ज्ञातव्य है कि गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी. गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाले अनुदान के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जाएगा. नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी भी दी जाएगी. डिजिटल तकनीक के उपयोग से किसानों को अधिक सुविधाजनक एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. ‘गन्ना ID’ एवं ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट के माध्यम से किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल की गई है. इसके साथ ही किसान गोष्ठियों एवं नुक्कड़ नाटकों के जरिए किसानों के बीच जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी.
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्रियों सहित गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, गन्ना विभाग के सचिव श्री धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य वरीया अधिकारी उपस्थित थे.