झारखंड स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी, विकासात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग एवं आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
*ग्रामीण विकास विभाग द्वारा रोजगार सृजन अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं अन्य गतिविधियां आयोजित…*
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित भारत–जी राम जी (VB-G RAM G) के तहत संचालित विशेष ‘रोजगार सृजन अभियान’ के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता रैली सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों, रोजगार के अवसरों एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुरूप व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के चयन की प्रक्रिया संचालित की गई तथा रोजगार के इच्छुक जॉब कार्डधारी श्रमिकों से कार्य की मांग (डिमांड) प्राप्त की गई।
उल्लेखनीय है कि जिले में 15 से 28 नवंबर 2026 तक संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक मानव दिवस का सृजन करना, इच्छुक श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुरूप नई योजनाओं का चयन एवं स्वीकृति सुनिश्चित करना है।
*विद्यालयों में झारखंड के इतिहास, गौरव गाथा एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित…*
विभागीय निर्देश के आलोक में उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के नेतृत्व में जिले के सभी विद्यालयों में 17 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक झारखंड के इतिहास, गौरवशाली परंपरा एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से संबंधित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्रम में विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से 09:30 बजे तक आयोजित विशेष प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरव गाथा, महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों के योगदान तथा झारखंड राज्य की स्थापना के ऐतिहासिक महत्व के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही, झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष के संदर्भ में राज्य की समृद्ध विरासत एवं संस्कृति से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया जा रहा है। इस दौरान झारखंड के विकास एवं समृद्धि में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु छात्र-छात्राओं को शपथ भी दिलाई जा रही है।
*झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत विभिन्न छठ पूजा घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया…*
पंचायती राज विभाग द्वारा झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 से 23 नवंबर 2026 तक राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित छठ पूजा घाटों पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छठ पूजा घाटों की साफ-सफाई की गई तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
*आवास योजना के तहत पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित…*
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण किए गए आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। इस पहल के माध्यम से आवास योजना के लाभुकों को उनके पूर्ण आवासों में प्रवेश कराया गया तथा उन्हें आवास की सुविधा उपलब्ध होने का लाभ मिला।
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में विकासात्मक गतिविधियों, स्वच्छता, रोजगार सृजन एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित प्रयासों में अपनी भागीदारी निभाएं, ताकि योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभुकों तक पहुंच सके।