गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार (18 नवंबर) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में PDA रथ यात्रा निकालकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी. अखिलेश यादव ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया. इस दौरान जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया.
PDA रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव बुधवार दोपहर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे. यहां से वह PDA रथ पर सवार होकर देवकही गांव के लिए रवाना हुए. रोड शो के दौरान गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए उनका काफिला आगे बढ़ा. रास्ते में कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. इस कार्यक्रम में गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वांचल के दूसरे जिलों से भी सपा कार्यकर्ता पहुंचे.
अखिलेश यादव ने BJP को लेकर किया बड़ा दावा
गोरखपुर में रोड शो के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, ‘गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है! इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी. पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा. गोरखपुर की ये पुकार अहंकार की होगी हार.’
अखिलेश यादव के दौरे में चौरीचौरा क्षेत्र का देवकही गांव भी प्रमुख कार्यक्रम स्थल रहा. यहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया. इसके साथ ही पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी शामिल हुए.
हरिशंकर तिवारी के परिवार से भी करेंगे मुलाकात
गोरखपुर दौरे का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव तिवारी हाता रहा. अखिलेश यादव यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार के सदस्यों से मिलने पहुंचे. इस दौरान उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से प्रस्तावित थी. राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पहुंच बढ़ाने और अलग-अलग सामाजिक वर्गों से संवाद स्थापित करने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं.
अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने के साथ-साथ सपा पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले में PDA रथ यात्रा और रोड शो के जरिए अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी तैयारियों का संदेश देने की कोशिश की है. अब इस दौरे के बाद प्रदेश की राजनीति में सपा और भाजपा के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना है.