गोरखपुर. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान गोरखपुर में हुए हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. इस घटना में 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत के बाद योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने हादसे के लिए सपा कार्यकर्ताओं के हुड़दंग और रथयात्रा में शामिल बुलडोजर को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात कही है.
ओपी राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश को घेरा
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए रथयात्रा के दौरान सड़कों पर सपा कार्यकर्ताओं की अव्यवस्था और हुड़दंग के चलते एक मासूम की जान चली गई. राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद उनकी ओर से न तो दुख जताया गया और न ही पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई. मंत्री ने सवाल उठाया कि जब एक बच्चे की मौत हुई, तब संवेदना जताने के बजाय दूसरी राजनीतिक गतिविधियों को प्राथमिकता दी गई. उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी की गैर-जिम्मेदार राजनीति करार दिया.
‘बुलडोजर संभालना हर किसी के बस की बात नहीं’
राजभर ने अपने बयान में बुलडोजर को लेकर भी अखिलेश यादव पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि बुलडोजर संभालना हर किसी के बस की बात नहीं है. उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता जानती है कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में अव्यवस्था और अराजकता के आरोप लगते रहे हैं. उन्होंने हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जिन लोगों की लापरवाही से बच्चे की जान गई है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. राजभर ने दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई.
गोरखपुर दौरे को लेकर भी अखिलेश पर साधा निशाना
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे, लेकिन महायोगी गुरु गोरखनाथ के मंदिर नहीं गए. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कम से कम गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता खरीदनी चाहिए थी. उन्होंने चौरीचौरा के पास स्थित तरकुलही माई मंदिर का जिक्र करते हुए भी अखिलेश पर निशाना साधा. अपने पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति और विपक्षी गठबंधन को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि रथयात्रा में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी दिखाई देनी चाहिए थी.
2027 चुनाव का जिक्र कर दी चेतावनी
राजभर ने अपने बयान के आखिर में अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें गलत संगत छोड़कर वरिष्ठ और अनुभवी लोगों से सीख लेनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. गोरखपुर में पीडीए रथयात्रा के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू कर दिया है. एक तरफ हादसे में बच्चे की मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.